निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
अचानक बढ़ा पानी का बहाव, चट्टान पर फंसे थे चारों युवक; छिंदवाड़ा पुलिस और SDRF की टीम ने चलाया जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन
छिंदवाड़ा। थाना मोहखेड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध कुकड़ी खापा जलप्रपात में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नागपुर से घूमने आए चार पर्यटक अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव के बीच करीब 150 फीट नीचे एक चट्टान पर फंस गए। सूचना मिलते ही छिंदवाड़ा पुलिस और SDRF की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक वॉटरफॉल में पानी कम देखकर नीचे उतर गए थे। वे एक बड़े पत्थर पर बैठ गए। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्र में बारिश होने से अचानक जलप्रवाह तेज हो गया और मौके पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। देखते ही देखते चारों युवक तेज बहाव के बीच चट्टान पर फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना जिला कंट्रोल रूम को मिलते ही पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में तत्काल रेस्क्यू टीम रवाना की गई।
थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक संजय भलावी, चौकी उमरानाला प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा SDRF टीम प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश धुर्वे और उनकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सियों, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
अथक प्रयासों के बाद चारों को निकाला सुरक्षित
तेज पानी के बीच चलाए गए जोखिमपूर्ण अभियान में पुलिस और SDRF जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए चारों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार चारों युवक स्वस्थ और सुरक्षित हैं।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में मोहखेड़ थाना, उमरानाला चौकी, डायल-112 तथा SDRF के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बारिश में वॉटरफॉल के पास सावधानी बरतने की अपील
छिंदवाड़ा पुलिस ने पर्यटकों और आम लोगों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में जलप्रपात, नदी और नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। पानी कम दिखाई देने पर भी वॉटरफॉल या नदी के गहरे हिस्से में न उतरें। अचानक पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ सकता है। चेतावनी बोर्ड और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
समय पर सूचना, त्वरित कार्रवाई और पुलिस-SDRF की टीम की मुस्तैदी से चार युवकों की जान बच गई।

