उज्जैन। पुलिस दर्पण
उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार शाम उज्जैन में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंघी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के साथ ही सायरन बजाया गया। इसके बाद करीब 25 हजार वॉलंटियर्स ने निर्धारित संकेत मिलते ही शिप्रा नदी के दोनों तटों पर सजाए गए दीपों को एक साथ प्रज्ज्वलित करना शुरू किया। देखते ही देखते रामघाट सहित शिप्रा के घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे।
शिप्रा के प्रमुख घाट रोशनी से नहाए
दीपोत्सव के दौरान रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट सहित शिप्रा नदी के प्रमुख तटों पर दीप जलाए गए। वहीं महाकाल महालोक में भी भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया।
आयोजकों के अनुसार शिप्रा तट पर करीब 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि महाकाल महालोक सहित उज्जैन में कुल करीब 33.27 लाख दीप रोशन किए गए।
एक संकेत और जगमगा उठा पूरा आयोजन
दीपोत्सव की पूरी व्यवस्था पूर्व निर्धारित संकेत के अनुसार की गई थी। हजारों वॉलंटियर्स दीप प्रज्ज्वलन के लिए तैयार खड़े थे। जैसे ही सायरन बजा, शिप्रा के दोनों तटों और महाकाल महालोक में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कुछ ही क्षणों में पूरा आयोजन स्थल दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

