अंगूठी पहनाने से पहले हथकड़ी पहन गई

सगाई की दहलीज से दुष्कर्म का फरार आरोपी गिरफ्तार।

193 किमी दूर से पहुंची इंदौर पुलिस, सगाई समारोह शुरू होने से पहले दबिश देकर आरोपी को दबोचा

भोपाल। पुलिस दर्पण

भोपाल । जिस घर में शहनाई की गूंज और सगाई की तैयारियां चल रही थीं, वहां कुछ ही पलों में पुलिस की दस्तक ने पूरा माहौल बदल दिया। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को इंदौर पुलिस ने सगाई की रस्म शुरू होने से ठीक पहले भोपाल के पास स्थित उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। जिस हाथ में सगाई की अंगूठी सजने वाली थी, उसी हाथ में पुलिस ने हथकड़ी पहना दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। जांच में सामने आया कि आरोपी पीड़ित परिवार के थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। उसने माता-पिता की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी इससे पहले भी दो बार पीड़िता के साथ गलत हरकत कर चुका था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह भोपाल के पास अपने गांव में दूसरी युवती से सगाई करने वाला है। सूचना मिलते ही इंदौर पुलिस की टीम करीब 193 किलोमीटर का सफर तय कर गांव पहुंची और सगाई समारोह शुरू होने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर सौरभ कुशवाह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!