गुड़ा-गुड़ी के नाका में दीवार गिरने से महिला की मौत, दो घायल

जिला प्रशासन ने तत्काल राहत पहुंचाई, प्रत्येक प्रभावित को 10-10 हजार रुपये की सहायता

कलेक्टर ने घटना की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

ग्वालियर/ पुलिस दर्पण

ग्वालियर । शहर के वार्ड क्रमांक 55 स्थित गुड़ा-गुड़ी के नाका क्षेत्र में रविवार को हुई एक दुखद दुर्घटना में दीवार गिरने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। एडीएम श्री सी.वी. प्रसाद सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मशीनों की सहायता से मलबा हटवाया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों के समुचित एवं बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से सभी प्रभावितों को तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में सपना बाथम (30 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं राहुल जाटव (40 वर्ष) एवं बेताल जाटव (36 वर्ष) घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि संबंधित दीवार के निर्माण की ड्राइंग, डिजाइन एवं निर्माण गुणवत्ता की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!