लग्जरी फॉर्च्यूनर में तस्करी का खेल नाकाम, 100 किलो डोडाचूरा जब्त; तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

मंदसौर/शामगढ़ | पुलिस दर्पण

मंदसौर । जिले की शामगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार से 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस को देखते ही तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा (गरोठ) एवं एसडीओपी दिनेश प्रजापति (सीतामऊ) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर 18 जुलाई 2026 को उज्जैन-गरोठ-ढाबला फोरलेन के पास पुलिस ने हरियाणा नंबर HR26BN0577 की सफेद फॉर्च्यूनर को रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन मोड़कर तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी फोरलेन पर कार छोड़कर खेतों में फरार हो गया।

वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर पुलिस को कार के अंदर से 5 कट्टों में भरा 100 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई गई। इसके साथ ही करीब 20 लाख रुपये कीमत की फॉर्च्यूनर कार भी जब्त कर ली गई।

इस मामले में थाना शामगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार तस्कर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के पंजीयन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी:
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक देवी सिंह डामोर, आरक्षक विशाल सिंह चंद्रावत, प्रेम कुमार रावत, धर्मेश बैरागी एवं विशाल सोलंकी की भूमिका इस कार्रवाई में विशेष रूप से सराहनीय रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!