एक साल पुरानी चेन स्नैचिंग का पर्दाफाश

रतलाम पुलिस का बड़ा खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार; ₹2 लाख की सोने की चेन और बाइक बरामद।

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने करीब एक वर्ष पुरानी चेन झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹2 लाख कीमत की सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
सुबह कचरा डालने निकले व्यक्ति से छीनी थी सोने की चेन
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2025 की सुबह करीब 5 बजे लक्ष्मणपुरा निवासी ज्ञान प्रकाश व्यास चामुंडा माता मंदिर के पास कचरा डालने गए थे। इसी दौरान पीछे से आए एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। फरियादी की शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 620/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कुलदीप प्रजापत और अनिल टांक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप पिता घनश्याम प्रजापत (28 वर्ष), निवासी सिलावटों का वास, रतलाम तथा अनिल पिता गोपाल टांक (35 वर्ष), निवासी लक्ष्मणपुरा, रतलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से झपटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है, जबकि फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाठक, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह जादौन, आरक्षक रवि चंदेल एवं रविराज सिंह पंवार की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!