2 साल से फरार ₹2 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, 12 चोरी-डकैती के राज खुले

नीमच। पुलिस दर्पण

नीमच। मनासा पुलिस ने दो वर्षों से फरार चल रहे ₹2 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर चोरी, नकबजनी और डकैती की वारदातों का बड़ा खुलासा किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 1.4 किलो चांदी के आभूषण और 1.60 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई को जिले में अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से फरार चल रहे इनामी आरोपी अश्विन पिता दिलीप बांछड़ा, निवासी हाड़ीपिपल्या, को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद हुई पूछताछ में आरोपी ने डकैती, नकबजनी और चोरी के 12 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 1 किलो 400 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 1 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर उसके साथी सुरेंद्र पिता फूलचंद बांछड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में मनासा पुलिस टीम द्वारा की गई।

पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!