संबल एवं श्रम कल्याण योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें: कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट
झाबुआ / पुलिस दर्पण
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना, मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना तथा निर्माण श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल) योजना एवं मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीयन एवं हितलाभ वितरण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) को निर्देश दिए कि योजनाओं से संबंधित सभी लंबित आवेदनों का आगामी मासिक समीक्षा बैठक से पूर्व अनिवार्य रूप से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा समय-सीमा (टीएल) बैठकों में की जाएगी।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र श्रमिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की श्रम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए।
बैठक में सहायक श्रम पदाधिकारी श्री निलेश डामोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

