नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम करें अधिकारी

अनूपपुर। पुलिस दर्पण

अनूपपुर। नवागत कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री झा ने सबसे पहले सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण किया जाए। किसी भी शिकायत को अनअटेंडेड न छोड़ा जाए तथा प्रतिदिन इसकी समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए।

बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की लोकार्पण योग्य सूची तैयार कर समय-समय पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उनका लोकार्पण कराया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 3,358 तालाबों के निर्माण एवं संरक्षण कार्य तथा ‘एक बगिया माँ के नाम’ योजना के तहत 379 स्थलों पर फलदार पौधों के रोपण की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य योजनाओं के सर्वे में 64,112 पात्र हितग्राहियों की जानकारी प्रस्तुत की गई।

राजस्व विभाग की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जिले में फार्मर रजिस्ट्री का 31.37 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, पीएम किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से जुड़े सभी मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी शासकीय अस्पतालों में ओपीडी समय-सारिणी का बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशुपालन विभाग को सभी पशु चिकित्सालयों में समय पर चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग को जिले के सभी कुपोषित बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने, जबकि सामाजिक न्याय विभाग को दिव्यांगजनों का सर्वे कर उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग को सभी पात्र हितग्राहियों के संबल कार्ड प्राथमिकता से बनाने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्री झा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि, जल संसाधन, वन, जनजातीय कार्य, खाद्य, उच्च शिक्षा, विद्युत, खनिज, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप, जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलवीर रमन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!