अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस के अवसर पर, कटनी को मिली औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात

“कटनी को मिली औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री ने किया रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर का भूमिपूजन, 55 उद्योगों को ₹13.2 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी

कटनी / पुलिस दर्पण

अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित “सशक्त उद्यमी, समृद्ध मध्यप्रदेश” समिट से कटनी जिले को औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने टिकरिया-कैलवारा औद्योगिक क्षेत्र में रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर का ऑनलाइन भूमिपूजन किया तथा जिले की 55 औद्योगिक इकाइयों को ₹13.2 करोड़ की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।

करीब ₹4.45 करोड़ (445.85 लाख रुपए) की लागत से लगभग 2.98 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाला रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर कटनी में वस्त्र उद्योग को नई दिशा देगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा।

कटनी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल, कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, महाप्रबंधक उद्योग एवं व्यापार श्रीमती ज्योति सिंह, प्रबंधक श्री राजेश पटेल सहित जिले के उद्यमी एवं उद्योगपति कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक श्री संदीप जायसवाल से संवाद करते हुए कटनी के औद्योगिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। विधायक श्री जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक चरण में 67 औद्योगिक प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 50 से 60 प्लॉटों के लिए उद्यमियों की सहमति प्राप्त हो चुकी है। इस परियोजना से 600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है तथा जिले में गारमेंट उद्योग को नई गति मिलेगी।

विधायक श्री जायसवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा लागू एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025 को उद्योगों के विकास के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि योजना के तहत स्थापित होने वाली इकाइयों को प्लांट एवं मशीनरी में निवेश पर 40 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान है, जिससे नए उद्योगों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 के बाद मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में बरगवां के अलावा लमतरा, अमकुही, तखला और कैलवारा (टिकरिया) जैसे नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास हुआ है। इन परियोजनाओं से कटनी को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कटनी के उद्योगपति श्री अमित सिंघई से भी वर्चुअल संवाद किया। श्री सिंघई ने दाल मिलर्स को दी गई राहत और रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल जिले के औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!