देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। शहर में अड़ीबाजी, धमकी और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ₹10 हजार का इनामी आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2025 को थाना रोड, कोठीबाजार निवासी 64 वर्षीय रमण गोठी स्कूटी से गंगोत्री कॉलोनी से कमानी गेट की ओर लौट रहे थे। रानीपुर रोड स्थित गोठाना के शर्मा पेट्रोल पंप के पास डीपी की आड़ में तथागत मिश्रा, बिट्टू उर्फ निहार सरसोदे, संकल्प मिश्रा और वेद मिश्रा ने उनका रास्ता रोककर कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए अड़ीबाजी की और जान से मारने की धमकी दी।
फरियादी की रिपोर्ट पर यह कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 761/2025टी के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
फेसबुक वीडियो से मिला सुराग
मामले में फरार चल रहे आरोपी तथागत उर्फ बुल्लू मिश्रा की तलाश के दौरान पुलिस को उसके फेसबुक अकाउंट पर वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने पतारसी तेज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई में तथागत उर्फ बुल्लू मिश्रा (29), निहार उर्फ बिट्टू सरसोदे (28) और संकल्प उर्फ ऋषि मिश्रा (24) को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। इसमें कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थी
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अड़ीबाजी, धमकी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

