कंटेनर और टाटा सफारी में छिपाकर ले जा रहे थे 64 लाख कीमत का गांजा, पिस्टल-कारतूस और नकदी भी बरामद
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छिंदवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। अमरवाड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 320.8 किलोग्राम गांजा, एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, 24,090 रुपये नकद और दो वाहनों को जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह का एक आरोपी फरार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि छिंदवाड़ा की ओर से एक कंटेनर और काले रंग की टाटा सफारी कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर अमरवाड़ा होते हुए नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी की।
चेकिंग के दौरान दोनों वाहन नजर आए। पुलिस को देखकर वाहन सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर भूमकाघाटी के पास कंटेनर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर कंटेनर में बने विशेष गुप्त बॉक्स से गांजा बरामद हुआ। वहीं टाटा सफारी की तलाशी में भी गांजे की खेप मिली।
पुलिस के मुताबिक कंटेनर से 252.48 किलो गांजा और टाटा सफारी से 68.32 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा सफारी के डैशबोर्ड बॉक्स से एक लोडेड पिस्टल, जिसमें पांच जिंदा कारतूस थे, बरामद की गई। दोनों वाहनों में सवार सात आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुला अंतरराज्यीय नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक पहुंचाई जा रही थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा बालाघाट, डिंडौरी, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर होते हुए उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे के सप्लायरों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना में प्रयुक्त कंटेनर बालाघाट निवासी रमपुरा मनासा जिला नीमच के व्यक्ति के नाम पंजीकृत है, जबकि टाटा सफारी लखनऊ, उत्तर प्रदेश निवासी व्यक्ति के नाम पंजीकृत बताई गई है। वाहनों के मालिकों की भूमिका और गांजे के स्रोत को लेकर भी जांच जारी है।
ये सात आरोपी गिरफ्तार
- संतोष गिरी, पिता शंकर गिरी, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम कछरियाखेड़ा, पोस्ट बीजानगरी, थाना बड़ोद, जिला आगर-मालवा — कंटेनर चालक।
- मोइनिस, पिता अब्दुल सत्तार, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम जुमठ हरिहरपुर, थाना मुहली, जिला संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश।
- अजय यादव, पिता सत्यराम यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी रामपुर पाठक, थाना खास, थाना हैदरिया, जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश।
- कृष्ण कुमार, पिता रामविलास सोनकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 7, हनुमानगढ़ी नगर, थाना हैदरिया, जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश।
- आदर्श सिंह, पिता राजकुमार सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम अटवा, पोस्ट थाना हैदरिया, जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश।
- ऋषभ सिंह, पिता कृष्ण देव सिंह, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम महरलीगांव, पोस्ट बैरूप रामनाथ, थाना मनकापुर, जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश।
- शुभम सिंह, पिता श्यामेश्वर सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम भैरूप, पोस्ट बेलहरिया राम गुलाम, थाना पैकोलिया, जिला बस्ती, उत्तर प्रदेश।
फरार आरोपी: सदनलाल चौरसिया, निवासी संतकबीर नगर, उत्तर प्रदेश।
NDPS और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
अमरवाड़ा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 NDPS Act तथा धारा 25, 27 Arms Act के तहत अपराध क्रमांक 580/26 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे सहित अमरवाड़ा पुलिस टीम की भूमिका रही। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।
जब्ती का कुल आंकड़ा:
320.8 किलो गांजा | अनुमानित कीमत ₹64 लाख | 01 कंटेनर | 01 टाटा सफारी | 01 पिस्टल | 05 जिंदा कारतूस | 08 मोबाइल फोन | ₹24,090 नकद

