देवी नाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्य प्रदेश
सारनी। सारनी क्षेत्र में एयरटेल मोबाइल टावरों से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सारनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सलैया में जगदीश यादव के खेत में लगे एयरटेल कंपनी के टावर के पास रात के समय टॉर्च की रोशनी दिखाई दी थी। इसकी जानकारी मिलने पर फरियादी नंदकिशोर यादव अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक चोर टावर की केबल काटकर मौके से फरार हो चुके थे।
मामले की शिकायत पर थाना सारनी में अपराध क्रमांक 270/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में अन्य धाराओं का भी इजाफा किया गया।
पुलिस ने तकनीकी एवं मैदानी जांच के आधार पर टावर केबल चोरी करने वाले गिरोह तक पहुंच बनाई। कार्रवाई के दौरान रोशनी प्रजापति पति शंकर प्रजापति, उम्र 30 वर्ष, निवासी शिवाजी नगर पाथाखेड़ा तथा बाजी उर्फ यास्मीन शाह पति फरीद शाह, उम्र 40 वर्ष, निवासी सुपर ई सारनी को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा मामले में पांच अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।
70 हजार की सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 फीट कॉपर तार की केबल, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है, बरामद की है। इसके साथ ही करीब 10 हजार रुपये कीमत की लोहे की सामग्री भी जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सारनी निरीक्षक जयपाल इनवाती, पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह टेकाम, आरक्षक राकेश करपे, रविमोहन, देवा, राजू, अनुज, महिला आरक्षक वर्षा नागले, सैनिक सुभाष रघुवंषी एवं महिला सैनिक उर्मिला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरफुसे एवं एसडीओपी सारनी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

