मध्य प्रदेश के सबसे कम उम्र के PPSA डिस्टिंक्शन प्राप्त करने वाले फ़ोटोग्राफ़र बने, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया प्रदेश और देश का गौरव।
इंदौर / पुलिस दर्पण
इंदौर के युवा फ़ोटोग्राफ़र अनुराग बड़ोलिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अमेरिका की प्रतिष्ठित Photography Society of America (PSA) द्वारा प्रदान किए जाने वाले PPSA (Proficiency Photography Society of America) डिस्टिंक्शन से सम्मानित होकर मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान उन फ़ोटोग्राफ़रों को दिया जाता है जिन्होंने PSA-मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय फ़ोटोग्राफ़ी प्रदर्शनियों और प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हों।
इस उपलब्धि के साथ अनुराग बड़ोलिया मध्य प्रदेश के सबसे कम उम्र के PPSA डिस्टिंक्शन प्राप्त करने वाले फ़ोटोग्राफ़र बन गए हैं। उनकी यह सफलता वर्षों की मेहनत, रचनात्मक सोच और वैश्विक स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
अनुराग वर्तमान में एक निजी कैमरा कंपनी के मेंटर-एम्बेसडर होने के साथ-साथ मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के फ़ोटोग्राफ़ी मेंटर भी हैं। स्ट्रीट, ट्रैवल और लाइफ़स्टाइल वेडिंग फ़ोटोग्राफ़ी के क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी तस्वीरें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर अनुराग ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों, मित्रों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से श्री अर्नव चक्रवर्ती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग ने इस मुकाम तक पहुँचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अनुराग ने कहा कि PPSA सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर कार्य करने तथा भारत और मध्य प्रदेश का नाम वैश्विक फ़ोटोग्राफ़ी जगत में और ऊँचाइयों तक पहुँचाने की प्रेरणा है।

