इंदौर-देवास एबी रोड पर दौड़ती एसी स्लीपर बस बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित।
देवास | पुलिस दर्पण
इंदौर-देवास एबी रोड पर शिप्रा थाना के सामने गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रीवा से इंदौर आ रही अम्बे ट्रेवल्स की एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी।
बस में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही शिप्रा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है।

