इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौरवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी सौगात देते हुए धार रोड स्थित लगभग 83.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक जिला अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा निर्मित यह अस्पताल लगभग 3.40 एकड़ भूमि पर विकसित किया गया है। जी+4 मंजिला यह भवन करीब 2 लाख वर्गफीट क्षेत्र में फैला हुआ है और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में तेज़ी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल भवनों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और यह नया जिला अस्पताल इंदौर के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 52 तक पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 तक मध्यप्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज और करीब 500 एमबीबीएस सीटें थीं, जबकि वर्तमान में प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज और 5,500 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर 52 करना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले ऐसे विद्यार्थियों को, जिन्हें शासकीय मेडिकल कॉलेज में प्रवेश नहीं मिल पाता और वे निजी मेडिकल कॉलेज या समकक्ष संस्थान में अध्ययन करना चाहते हैं, राज्य सरकार शिक्षण शुल्क उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नया जिला अस्पताल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा आम नागरिकों को आधुनिक और बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

