इंदौर। पुलिस दर्पण
इंदौर। इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र में 26 वर्षीय बैंककर्मी युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी और युवती पिछले करीब पांच वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन कथित रूप से युवती के इनकार के बाद विवाद बढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दतिया से इंदौर पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद उसने युवती का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का यह भी कहना है कि वारदात को दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से आरोपी ने कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद दतिया से उसे हिरासत में लेकर इंदौर लाया गया, जहां पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच में कमरे में गैस बर्नर खुला मिला तथा युवती के सिर पर चोट के निशान भी पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

