बैतूल में नशामुक्ति का संदेश: मानव श्रृंखला बनाकर युवाओं और छात्राओं ने ली शपथ

संवाददाता बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल, 20 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत सोमवार को बैतूल जिले में पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और शासकीय रेलवे पुलिस ने मानव श्रृंखला, जनसंवाद, नशामुक्ति शपथ एवं जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं, छात्राओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।
थाना गंज पुलिस ने पुलिस ग्राउंड में खिलाड़ियों और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं वीरांगना दुर्गावती शासकीय जनजातीय कन्या वरिष्ठ छात्रावास में छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्ति की शपथ ली और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
थाना सारणी पुलिस ने पाथाखेड़ा बस स्टैंड, प्रेम नगर और न्यू मार्केट क्षेत्र में जनसंपर्क कर नागरिकों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) आमला ने बैतूल रेलवे स्टेशन पर मानव श्रृंखला बनाकर यात्रियों और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया। साथ ही नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी या सेवन की सूचना तत्काल पुलिस को देनेत की अपील की।
थाना आमला पुलिस ने ग्राम जम्बाडा बस स्टैंड चौक पर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं थाना भैंसदेही पुलिस ने ग्राम डेढ़पानी सहित सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जागरूक किया।टी
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बैतूल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
🚫 संदेश: “नशे को ‘ना’, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य को ‘हाँ’।”

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!