“एक पेड़ माँ के नाम” बना जनआंदोलन, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने दिया जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण का आह्वान

ग्वालियर | पुलिस दर्पण
ग्वालियर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रविवार को ग्वालियर एयरपोर्ट परिसर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सामूहिक वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि बारिश के मौसम में पूरे जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए तथा इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम को निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कराया जाए।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल पौधरोपण अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!