राखी के धागों से जुड़ा सीआरपीएफ जवानों और बेटियों का भावनात्मक रिश्ता

केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र में रक्षाबंधन की अनूठी पहल, केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने जवानों को बांधी राखी

ग्वालियर। पुलिस दर्पण

ग्वालियर। रक्षाबंधन का पर्व उस समय भावनाओं से सराबोर हो उठा, जब केंद्रीय विद्यालय ग्वालियर की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर स्नेह, विश्वास और अपनत्व की राखी बांधी। देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने परिवार से दूर रहने वाले जवानों के लिए यह आयोजन भावनात्मक रूप से विशेष बन गया।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन के पर्व पर सीआरपीएफ के जवान अक्सर अपने कर्तव्यों के कारण परिवार और बहनों से दूर रहते हैं। ऐसे में केंद्रीय विद्यालय की बेटियों का जवानों के बीच पहुंचकर राखी बांधना उनके लिए अपनत्व और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ने वाला क्षण है। उन्होंने कहा कि राखी का पवित्र धागा केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प को भी मजबूत करता है।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने अधिकारियों और जवानों को रोली-चंदन का तिलक लगाकर विधिवत राखी बांधी। राखी बंधवाने के बाद सीआरपीएफ जवानों ने भी छात्राओं की सुरक्षा और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह व्यक्त किया। छात्राओं का मुंह मीठा कराया गया और पूरे आयोजन में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता देखने को मिली।

रक्षाबंधन का यह आयोजन केवल एक पारंपरिक पर्व तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने देश की सुरक्षा में जुटे जवानों और नई पीढ़ी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूत किया। जवानों के लिए यह पल घर-परिवार और बहनों की यादों को ताजा करने वाला रहा, वहीं छात्राओं ने भी देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में महानिरीक्षक श्री अनिल कुमार सिंह, उप कमांडेंट श्री श्रमन चतुर्वेदी, उप कमांडेंट श्री रिषि कुमार, सहायक कमांडेंट श्री सर्बजीत सिंह सहित सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!