ऑटो, बस और मैजिक बने नशामुक्ति के ब्रांड एम्बेसडर”

नशे के खिलाफ रतलाम पुलिस का मेगा मिशन!

‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के तहत रेलवे स्टेशन और दिलबहार चौराहे से निकली जागरूकता रैली, हजारों लोगों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश।

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । मध्यप्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने रविवार को शहर में एक अनूठी जनजागरूकता पहल करते हुए ऑटो, मैजिक, यात्री बसों और स्कूल बसों को नशामुक्ति का संदेशवाहक बना दिया। रेलवे स्टेशन और दिलबहार चौराहा क्षेत्र में वाहनों पर जागरूकता पोस्टर लगाए गए और भव्य वाहन रैली निकालकर लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री निमिष अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ऑटो, मैजिक और बस चालकों के साथ यात्रियों एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। सभी ने नशा न करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली।
अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर लगाए गए पोस्टर प्रतिदिन हजारों लोगों तक पहुंचेंगे और समाज के हर वर्ग में नशामुक्ति का संदेश फैलाएंगे। इसके बाद दिलबहार चौराहे से निकली जागरूकता वाहन रैली ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और “नशामुक्त रतलाम–सुरक्षित रतलाम” का संदेश बुलंद किया।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी पोस्टर अभियान चलाया जा रहा है। आमजन, वाहन चालकों और यात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प दिलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी, डीएसपी पार्वती गौड़, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेन्द्र सिंह जादौन, थाना प्रभारी यातायात राजशेखर वर्मा, यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या संग्रहण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!