लव मैरिज के बाद पत्नी पर दूसरी शादी का आरोप, कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम । मध्यप्रदेश के रतलाम से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के बाद साथ निभाने की कसमें खाने वाले दंपति की कहानी उस समय दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गई, जब पति को कैंसर होने का पता चला। पति का आरोप है कि बीमारी की जानकारी मिलते ही पत्नी ने उससे दूरी बना ली और तलाक का मामला लंबित रहते हुए किसी अन्य युवक से दूसरी शादी कर ली। अब इस मामले में अदालत ने पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
राजस्व कॉलोनी निवासी आकाश जाट और रतलाम की साक्षी नकुम की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ 20 नवंबर 2022 को इंदौर के आर्य मंदिर में विवाह कर लिया। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से 13 दिसंबर 2022 को रीति-रिवाज से दोबारा शादी संपन्न हुई।
चार महीने बाद कैंसर ने बदल दी जिंदगी
शादी के महज चार महीने बाद आकाश की तबीयत बिगड़ने पर बड़ोदरा में जांच कराई गई। 10 अप्रैल 2023 को रिपोर्ट में गले की श्वास नली में कैंसर होने की पुष्टि हुई। आकाश का आरोप है कि बीमारी की खबर मिलते ही पत्नी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और उसने साथ छोड़ना शुरू कर दिया।
आकाश के अनुसार, पत्नी उससे कहती थी, “तुम तो कल मर जाओगे, मेरा क्या होगा?” इसके बाद दोनों के रिश्तों में दूरियां बढ़ती चली गईं।
बिना तलाक दूसरी शादी का आरोप
आकाश का कहना है कि पत्नी ने फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दायर की थी, लेकिन मामला लंबित रहने के दौरान ही 10 जून 2024 को छतरपुर निवासी युवक से दूसरी शादी कर ली। आकाश का दावा है कि दूसरी शादी से पत्नी की एक बेटी भी है। बाद में फैमिली कोर्ट ने तलाक याचिका खारिज कर दी।
कोर्ट के समन की अनदेखी, अब गिरफ्तारी वारंट
आकाश ने पत्नी के खिलाफ बिना वैधानिक तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय द्वारा कई बार समन जारी किए जाने के बावजूद आरोपी महिला के पेश नहीं होने पर कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।
बीमारी से भी जंग, इंसाफ की भी लड़ाई
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे आकाश अब अदालत से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने प्रेम और विश्वास के साथ रिश्ता निभाया, लेकिन मुश्किल समय में उन्हें अकेला छोड़ दिया गया।

