कृषि में नवाचार की नई मिसाल: कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने खुद चलाई धान रोपाई मशीन

किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का दिया संदेश

पवारखेड़ा में पैडी ट्रांसप्लांटर का प्रदर्शन, एक दिन में 8 से 10 एकड़ में होगी धान रोपाई

नर्मदापुरम | पुलिस दर्पण

नर्मदापुरम । कृषक कल्याण वर्ष के तहत नर्मदापुरम जिला प्रशासन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार नवाचार कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कृषि प्रक्षेप पवारखेड़ा में पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन से धान रोपाई का प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्वयं मशीन चलाकर किया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक कृषि तकनीकों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है। मशीनों के उपयोग से श्रम, समय और लागत तीनों में कमी आती है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलता है।

100 श्रमिकों का काम करेगी एक मशीन

कृषि विभाग के अनुसार, पैडी ट्रांसप्लांटर मशीन एक दिन में 8 से 10 एकड़ खेत में धान की रोपाई कर सकती है। यही कार्य पारंपरिक तरीके से करने में लगभग 100 श्रमिकों की आवश्यकता होती है। ऐसे में यह तकनीक श्रमिकों की कमी की समस्या का भी प्रभावी समाधान साबित हो सकती है।

किसानों को आधुनिक खेती अपनाने की अपील

कार्यक्रम में किसानों को मशीन की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन कर इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से आधुनिक कृषि यंत्रों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया, जिससे खेती अधिक लाभकारी और टिकाऊ बन सके।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवेंद्र प्रताप सिंह, उप संचालक कृषि रविकांत सिंह, कृषि प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य यू.के. शुक्ला, कृषि यंत्री इंदर सिंह धाकड़, कुबोटा कंपनी के प्रतिनिधि साजिद सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!