ओवरब्रिज के पास पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, बैग की तलाशी में निकली 1 किलो अफीम

पिपलियामंडी पुलिस की कार्रवाई, ₹1 लाख कीमत की अफीम और मोबाइल जब्त; रतलाम जिले का युवक गिरफ्तार

मंदसौर/पिपलियामंडी। पुलिस दर्पण

मंदसौर/पिपलियामंडी। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मंदसौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पिपलियामंडी पुलिस ने एक युवक को 1 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत ₹1 लाख बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कीपैड मोबाइल भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को पिपलियामंडी पुलिस टीम देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी सम्पवेल के पास आम रोड पर ओवरब्रिज की ओर से एक युवक पीठ पर काले रंग का बैग टांगे आता दिखाई दिया। बताया गया कि युवक की नजर जैसे ही पुलिस वाहन पर पड़ी, वह अचानक वापस मुड़कर हाईवे रोड स्थित ओवरब्रिज की तरफ भागने लगा।

पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम करण पिता कांतिलाल भील, उम्र 23 वर्ष, निवासी धामेड़ी, थाना पिपलौदा, जिला रतलाम बताया। पुलिस ने युवक के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी ली तो उसमें 1 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके अलावा एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया। अफीम की कीमत करीब ₹1,00,000 और मोबाइल की कीमत करीब ₹1,000 बताई गई है।

NDPS एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी करण भील को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 8/18 NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल के जिला स्तरीय पर्यवेक्षण में की गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिपलियामंडी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!