कलेक्टर अदिति गर्ग की संवेदनशील पहल बनी सहारा।
एक आवेदन पर त्वरित कार्रवाई, सामाजिक न्याय विभाग ने उपलब्ध कराई बैसाखी; अब आत्मनिर्भर होकर कर सकेंगे रोजमर्रा के कार्य।
मंदसौर। पुलिस दर्पण
मंदसौर। जनसुनवाई केवल शिकायतों के निराकरण का मंच ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम भी बन रही है। इसका ताजा उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांग शाहरुख हुसैन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल बैसाखी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शाहरुख हुसैन, जो अस्थि बाधित दिव्यांग हैं और मंदसौर शहर के भैसा पहाड़ मोहल्ला, वार्ड क्रमांक-24 के निवासी हैं, एक निजी कार्यालय में कार्यरत हैं। बैसाखी के अभाव में उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के साथ कार्यालय आने-जाने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
पिछली जनसुनवाई में शाहरुख ने बैसाखी उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया था। कलेक्टर के निर्देश पर सामाजिक न्याय विभाग ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बैसाखी की व्यवस्था की। विभाग की प्रभारी उपसंचालक सुश्री अंकिता पंड्या ने शाहरुख हुसैन को बैसाखी प्रदान की।
बैसाखी मिलने के बाद शाहरुख हुसैन ने जिला प्रशासन और सामाजिक न्याय विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें चलने-फिरने और नौकरी पर आने-जाने में काफी सुविधा होगी। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। जनसुनवाई की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।

