ऑपरेशन ‘प्रहार 2.0’ के तहत रीवा में 10 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

रीवा जोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3087 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद, पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू।

रीवापुलिस दर्पण

रीवा । पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की 3087 ग्राम एमडी (MD Drugs) जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई 6 जुलाई 2026 को की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रीवा आईजी गौरव राजपूत के मार्गदर्शन, उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक गुरकरण सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने मौके से लगभग 3087 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई चेन, कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
रीवा जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!