मंदिर से चोरी करने वाला अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 60 हजार रुपये का चोरी गया सामान बरामद

जिला ब्युरो छिंदवाड़ा
निर्मला पहाडे

छिंदवाड़ा। जिले के बिछुआ थाना पुलिस ने धार्मिक स्थल में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए महाराष्ट्र निवासी एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की शाम 6 से 7 बजे के बीच बिछुआ थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर, वार्ड क्रमांक-2, माता मां चौक से अज्ञात चोर ने चांदी का मुकुट, पीतल के दो झांझ और एक पीतल का घंटा चोरी कर लिया था। मामले में मंदिर से जुड़े कमलेश डोंगे की शिकायत पर थाना बिछुआ में अपराध क्रमांक 286/2026 धारा 305(डी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिछुआ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा बसों के माध्यम से आने-जाने वाले संदिग्धों की जानकारी जुटाकर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने रामकृष्ण पिता हरेश्वर मोहरले (65 वर्ष) निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर से चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान बेचने के उद्देश्य से जंगल में छिपाने की बात बताई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया।

बरामद सामग्री

चांदी का एक मुकुट, पीतल के दो झांझ, एक पीतल का घंटा (कुल अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये)

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया है।

कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके, उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह, प्रधान आरक्षक प्रमोद कुमार धुर्वे, आरक्षक बसंत बघेल, सुमित बैस तथा फुलमनशाह परते की रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!