बैतूल । पुलिस दर्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैतूल जिले के कुकरू रेस्ट हाउस परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
रुद्राक्ष का पौधा रोपकर मुख्यमंत्री ने प्रकृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जनभागीदारी से हरित मध्यप्रदेश के निर्माण का संदेश दिया। यह पौधारोपण ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान की भावना को भी जन-जन तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री के इस कदम को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया।


