डायमंड फ्रोजन फूड्स में 100 लोगों को रोजगार, सीजन में 500 को मिलता है काम

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को जमुनिया स्थित डायमंड फ्रोजन फूड्स उद्योग तथा बिलपांक में निर्माणाधीन टप्पा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योग की उत्पादन गतिविधियों, रोजगार की स्थिति और तहसील कार्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित डायमंड फ्रोजन फूड्स इकाई में फ्रोजन मटर, मक्का, गाजर, फलियां सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों की प्रोसेसिंग की जा रही है। तैयार उत्पादों की गुजरात, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में आपूर्ति की जा रही है। उद्योग में वर्तमान में करीब 100 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है, जबकि सीजन के दौरान यह संख्या बढ़कर लगभग 500 लोगों तक पहुंच जाती है।

कलेक्टर ने इकाई में चल रही उत्पादन एवं प्रोसेसिंग गतिविधियों का अवलोकन किया और अधिकारियों से उद्योग की कार्यप्रणाली तथा रोजगार संबंधी जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने वाली औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद कलेक्टर ने बिलपांक में करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन टप्पा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य आगामी एक माह में पूर्ण होने की संभावना है। कलेक्टर ने निर्माण की प्रगति एवं गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जीएम उद्योग विभाग श्री अतुल बाजपेई सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!