पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से सोशल मीडिया प्राइवेसी सेटिंग्स अपडेट करने की अपील की
प्रोफाइल लॉक, प्राइवेसी कंट्रोल और फ्रेंड लिस्ट सुरक्षा अपनाकर साइबर ठगी से बचने का दिया संदेश।
टीकमगढ़ / पुलिस दर्पण
बढ़ते साइबर अपराधों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हो रही ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी प्रोफाइल, अकाउंट हैकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग को देखते हुए ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ के अंतर्गत SP श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिलेवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने फेसबुक अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग्स को मजबूत बनाकर साइबर अपराधियों से स्वयं को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी और सही सुरक्षा सेटिंग्स अपनाकर सोशल मीडिया से जुड़े कई साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।
प्रमुख सुरक्षा सुझाव
टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों को फेसबुक अकाउंट की सुरक्षा के लिए निम्न सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है—
प्रोफाइल लॉक (Profile Lock) सक्रिय करें
फेसबुक प्रोफाइल के Menu (☰) में जाकर Settings विकल्प खोलें और “Profile Lock” सर्च कर उसे सक्रिय करें। इससे आपकी फोटो, पोस्ट और व्यक्तिगत जानकारी केवल मित्रों (Friends) तक सीमित रहेगी।
🔹 भविष्य की पोस्ट (Future Posts) की गोपनीयता बदलें*
Menu (☰) → Settings में जाकर “Who can see your future posts?” विकल्प चुनें और उसे Friends पर सेट करें, ताकि आपकी नई पोस्ट केवल आपके मित्र ही देख सकें।
🔹 फ्रेंड लिस्ट को सुरक्षित रखें
Menu (☰) → Settings में जाकर “Who can see your friends list?” विकल्प में Only Me का चयन करें। इससे आपकी मित्र सूची अनजान लोगों की पहुंच से सुरक्षित रहेगी।
🔹 प्रोफाइल गार्ड/प्रोफाइल लॉक का उपयोग करें
यदि आपके अकाउंट में Profile Guard या Profile Locking का विकल्प उपलब्ध है, तो उसे अवश्य सक्रिय करें। इससे आपकी प्रोफाइल का दुरुपयोग और अनधिकृत डाउनलोड की संभावना कम हो जाती है।
साइबर सुरक्षा में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि आज सोशल मीडिया हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपनी डिजिटल पहचान और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के प्रति सजग रहे। सुरक्षित प्राइवेसी सेटिंग्स अपनाने से डेटा एक्सपोजर, फर्जी प्रोफाइल और साइबर फ्रॉड जैसी घटनाओं के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस एडवाइजरी का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इन सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाएं।
टीकमगढ़ पुलिस की अपील
“सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें। अपनी प्राइवेसी मजबूत रखें, अनजान लोगों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दें।”

