मंदसौर पुलिस की बड़ी सफलता: हिमाचल से आए अंतर्राज्यीय डोडाचूरा तस्कर गिरफ्तार

मिनी ट्रक से 88 किलो मादक पदार्थ जब्त।

नारायणगढ़ पुलिस की सटीक कार्रवाई, 17 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू।

मंदसौर | पुलिस दर्पण

मंदसौर जिले की नारायणगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 88 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.76 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा ट्रक में भरा घरेलू सामान भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघैल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान नारायणगढ़–पिपलिया मंडी मार्ग स्थित बरखेड़ा विरपुरिया फंटे पर की गई।

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने SML SARTAJ GS मिनी ट्रक (क्रमांक HP-93-A-8885) को रोककर तलाशी ली। ट्रक में रखे चार प्लास्टिक कट्टों से कुल 88 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश शर्मा (40 वर्ष), निवासी ग्राम ओखु, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) तथा अमृतलाल शर्मा (36 वर्ष), निवासी आदुवाल, तहसील नालागढ़, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त डोडाचूरा का स्रोत क्या है तथा इसे कहां से लाया गया और कहां पहुंचाया जाना था।

जब्त सामग्री
88 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा (कीमत लगभग ₹1.76 लाख)

SML SARTAJ GS मिनी ट्रक (कीमत लगभग ₹12 लाख)

दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹20 हजार)

ट्रक में भरा घरेलू सामान (कीमत लगभग ₹8 लाख)

नारायणगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!