रतलाम पुलिस का बड़ा एक्शन: आधी रात को घेराबंदी कर दबोचे 6 बदमाश; 2 अवैध पिस्टल, कारतूस और गाड़ियां ज़ब्त।
रतलाम। मध्यप्रदेश
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने बीती रात एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सैलाना रोड पर चेकिंग के दौरान दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर सवार छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तलाशी में इनके पास से दो अवैध पिस्टल और छह ज़िंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने हथियारों के साथ ही एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी भी ज़ब्त की है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तेज रफ्तार ने खोला राज, पुलिस ने घेरा।
पुलिस के अनुसार, यह सफलता एसपी अमित कुमार के निर्देशन और एएसपी विवेक कुमार व सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मिली। 18 जून की रात औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पलसोड़ा की तरफ से एक पल्सर बाइक और एक्टिवा स्कूटी पर सवार 6 युवक तेज रफ्तार में आते दिखे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।
कमर में फंसी थीं लोडिड पिस्टल जब पुलिस ने युवकों की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। पल्सर चला रहे आरोपी रोहित उर्फ कृष्णा माली की कमर से एक अवैध पिस्टल (मय मैगजीन) और 4 ज़िंदा कारतूस मिले। वहीं, एक्टिवा चला रहे जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू की कमर से भी एक अवैध पिस्टल और 2 ज़िंदा कारतूस (7.65 बोर) बरामद हुए। जब पुलिस ने इनसे लाइसेंस मांगा, तो वे कोई दस्तावेज़ नहीं दिखा सके और पूछताछ में एक-दूसरे पर दोष मढ़ने लगे। वाहनों के भी कोई कागज़ात उनके पास नहीं थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:पुलिस ने जिन छह आरोपियों को दबोचा है, उनमें इंदौर और झाबुआ के शातिर भी शामिल हैं: रोहित उर्फ कृष्णा माली (19 वर्ष) – निवासी राऊ (इंदौर), हाल मुकाम रतलाम। वरुण उर्फ बंटी भार्गव (23 वर्ष) – निवासी ग्राम बाजनखेड़ा, रतलाम। अबरार हुसैन (26 वर्ष) – निवासी पीएनटी कॉलोनी, रतलाम। जितेन्द्र उर्फ बड़ा गोलू (34 वर्ष) – निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी, रतलाम। दीपेश उर्फ छोटा गोलू (22 वर्ष) – निवासी ओल्ड रेलवे कॉलोनी, रतलाम।दीपांशु डाबी मालवीय (20 वर्ष) – निवासी ग्राम भामल, जिला झाबुआ। कुल ₹1.80 लाख का माल ज़ब्त ।पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1,80,000 की कुल अनुमानित कीमत का मशरूका ज़ब्त किया है। इसमें 2 लोहे की अवैध पिस्टल, 6 ज़िंदा कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल (MP-43-ZJ-7000) और एक एक्टिवा स्कूटी (MP-ZH-0933) शामिल हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका:
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, एएसआई विनोद कटारा, आरक्षक इमरान खान, पवन मेहता, कान्हा, रविराज सिंह, मोहन चौहान, रवि चंदेल, राजेश सेंगर, अर्जुन खींची, किशन और चालक मयंक शामिल रहे, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

