अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संध्या में समकालीन नृत्य और संगीत की अद्भुत प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
भोपाल / पुलिस दर्पण
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास द्वारा जनजातीय संग्रहालय, भोपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संध्या में साइप्रस की प्रतिष्ठित समकालीन नृत्य संस्था सेलास डांस कंपनी ने अपनी शानदार नृत्य एवं संगीत प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में समकालीन नृत्य, जीवंत संगीत और दृश्यात्मक अभिव्यक्तियों के अनूठे संगम ने कला प्रेमियों को एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया।
करीब 50 मिनट तक चली प्रस्तुति में दो स्वतंत्र नृत्य कृतियों को एक सतत कलात्मक प्रवाह के रूप में मंचित किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से मानव स्मृतियों, सांस्कृतिक परिदृश्यों और मानवीय अनुभवों को सशक्त अभिव्यक्ति दी। प्रस्तुति के दौरान दर्शक कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति और रचनात्मकता से मंत्रमुग्ध नजर आए।
कार्यक्रम का निर्देशन प्रसिद्ध कोरियोग्राफर एवं शिक्षाविद् मारिया काम्बेरिस ने किया। उनके मार्गदर्शन में कलाकारों ने नृत्य को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सांस्कृतिक संवाद का प्रभावी माध्यम बनाकर प्रस्तुत किया।
अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक संध्या ने भोपाल के कला प्रेमियों को वैश्विक सांस्कृतिक विरासत और समकालीन कला की विविधता से रूबरू कराया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

