बैतूल पुलिस को मिला नई ऊर्जा का संदेश, आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी ने दिए बेहतर पुलिसिंग के मंत्र

प्रथम वार्षिक निरीक्षण में अनुशासन, जनसेवा और कानून-व्यवस्था को बनाया सर्वोच्च प्राथमिकता

संवाददाता बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल । नर्मदापुरम् जोन के नवागत पुलिस महानिरीक्षक श्री चन्द्रशेखर सोलंकी ने शुक्रवार को बैतूल जिले का प्रथम वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, अनुशासन तथा जनसेवा का संदेश दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केन्द्र बैतूल एवं थाना गंज का निरीक्षण करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। आईजी ने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं संसाधनों की समीक्षा करते हुए कार्यों की सराहना की तथा आवश्यक सुधारों के लिए मार्गदर्शन भी दिया।

उन्होंने बढ़ती जनसंख्या, बदलते अपराध स्वरूप एवं वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों के कल्याण, आधुनिक प्रशिक्षण, नियमित चांदमारी तथा संसाधनों के बेहतर रखरखाव को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

थाना गंज के निरीक्षण के दौरान आईजी श्री सोलंकी ने क्षेत्र के गुण्डों एवं निगरानी बदमाशों पर सतत निगरानी रखने, बीट प्रणाली को मजबूत करने तथा जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस की पहचान केवल कानून लागू करने से नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतने से भी बनती है।

उन्होंने “नशे से दूरी है ज़रूरी-2.0” अभियान में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए नशा उन्मूलन, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जन-जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।

आईजी श्री सोलंकी ने कहा कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बैतूल जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!