पद्मावती धाम कॉलोनी में वारदात, परिवार जन्मदिन समारोह में गया था; स्टेशन रोड पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश।
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम । शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित होमगार्ड कॉलोनी के पास पद्मावती धाम में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर के मुख्य गेट और अलमारी के लॉकर के ताले तोड़कर करीब 12 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात के दौरान तीन नकाबपोश युवक कॉलोनी में आते और जाते हुए CCTV कैमरे में कैद हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पद्मावती धाम निवासी नीरजसिंह (59) शनिवार रात अपनी पत्नी पिंकी के साथ लोटस कॉलोनी स्थित रिश्तेदार के घर जन्मदिन समारोह में गए थे और वहीं रुक गए। रविवार सुबह पड़ोसी के फोन पर जब वे घर पहुंचे तो मुख्य गेट और इंटरलॉक के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और लॉकर भी टूटे हुए थे तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था।
चोर घर से सोने के टॉप्स, अंगूठियां, चेन, चांदी के सिक्के, कंदोरे, चांदी के कड़े, एक घड़ी, 50 हजार रुपये नकद, साथ ही बाइक का आरसी और एटीएम कार्ड भी ले गए। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन नकाबपोश युवक रात करीब 2:26 बजे घर की ओर जाते और करीब 3 बजे वापस निकलते दिखाई दिए हैं। तीनों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही का पूरा रूट पता लगाया जा सके।

