20.85 लाख की वसूली के लिए 16 प्रकरण दर्ज, विद्युत कंपनी ने की बिल जमा करने की अपील।
हरदा / पुलिस दर्पण
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, संचालन एवं संधारण संभाग हरदा (उत्तर) द्वारा बकाया राशि वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही की गई है। उप महाप्रबन्धक विद्युत वितरण कम्पनी हरदा संभाग उत्तर श्री संजय यादव ने बताया कि वसूली अभियान के तहत हरदा शहर, हरदा ग्रामीण क्षेत्र एवं खिरकिया से लगे वितरण केन्द्रों में शतप्रतिशत बकाया राशि 4.4 लाख रूपये पर 11 ट्रांसफार्मर विच्छेदित किये गये है।
इसी प्रकार वितरण केन्द्रों में विभिन्न श्रेणियों के 139 कनेक्शन पर कुल बकाया राशि 20.85 लाख रूपये के लिये अस्थाई विच्छेदित किये गये। वितरण केन्द्र प्रभारी द्वारा चेकिंग अभियान चलाते हुए धारा 135 एवं धारा 126 के तहत 16 प्रकरण दर्ज किये गये।
संभाग हरदा उत्तर द्वारा वसूली एवं चेकिंग अभियान निरन्तर जारी रखा जाएगा। उप महाप्रबन्धक श्री यादव ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि अति शीघ्र बिल पर बकाया राशि जमा करें तथा विद्युत चोरी न करें।

