मजदूरी से लौटते समय खेत में वारदात का आरोप, पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी; आरोपी न्यायालय में पेश
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश
बैतूल, 15 अगस्त 2026। शाहपुर थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट कर घायल करने के गंभीर मामले में शाहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी शाहपुर सुश्री सेफा हाशमी के मार्गदर्शन में पुलिस ने संवेदनशील मामले में तत्परता दिखाई।
महिला समूह की महिलाओं के साथ थाने पहुंची पीड़िता
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को भौरा चौकी क्षेत्र की 62 वर्षीय महिला गांव के महिला समूह की महिलाओं के साथ थाना शाहपुर पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को खेत में मजदूरी कर वापस लौटते समय गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे रास्ते में खेत में पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसके अंदरूनी अंगों में चोटें आईं तथा आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 391/26, धारा 64(1), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मेडिकल परीक्षण के साथ शुरू हुई आरोपी की तलाश
पुलिस ने पीड़ित महिला का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
66 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंभू पिता ननहू इवने, उम्र 66 वर्ष, निवासी ग्राम टेकरीपूरा धार के रूप में हुई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रकरण में निरीक्षक अरविन्द कुमारे, उप निरीक्षक सोनम साहु, उप निरीक्षक नीरज खरे, प्रधान आरक्षक 249 कुवरलाल नागले, आरक्षक 366 धीरज काले एवं महिला आरक्षक 687 संध्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पीड़ित व्यक्ति अथवा परिजन बिना भय और संकोच के निकटतम थाना या चौकी में शिकायत दर्ज कराएं।
बैतूल पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

