पन्ना। पुलिस दर्पण
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रेकी कर उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी या बैग से नकदी चोरी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पन्ना, पवई, रीवा और दमोह सहित कई जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
2.24 लाख की चोरी से खुला मामला
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा निवासी रामसिपाही पटेल ने 19 मई 2026 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा से अपने खाते से 2 लाख 24 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने रकम को रूमाल में लपेटकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखा और कटरा मोहल्ला स्थित सेंट्रल बैंक के सामने वाहन खड़ा कर बैंक के कार्य से अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर डिग्गी खुली मिली और उसमें रखी पूरी नकदी गायब थी। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक, बाजार और आसपास के क्षेत्रों के 500 से अधिक सीसीटीवी फोटो एवं वीडियो फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने शहडोल जिले के ब्यौहारी में दबिश देकर जित्तू सिंह कंजर उर्फ जीतेन्द्र (40) और लिदहा उर्फ अरुण सिंह कंजर (35) को गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से सीधी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में ब्यौहारी में रह रहे थे।
पूछताछ में कई वारदातें कबूलीं
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ बैंक परिसरों में घंटों रेकी करते थे। जो व्यक्ति बैंक से बड़ी रकम निकालता था, उसका पीछा कर मौका मिलते ही वाहन की डिग्गी या बैग से नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने पन्ना के कोतवाली और पवई थाना क्षेत्रों के अलावा दमोह जिले के हटा तथा रीवा जिले के वैकुण्ठपुर क्षेत्र में भी इसी तरह की कई वारदातें करना स्वीकार किया है।
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस अब गिरोह के फरार दो सदस्यों की तलाश कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़ी कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा सहित मनीष कश्यप, जितेन्द्र मिश्रा, अभिषेक यादव, निश्चल सिंह और रामगोपाल शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

