रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जावरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास संचालित ‘अपना ढाबा’ पर शराब पिलाने के साथ-साथ अवैध रूप से एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स का सेवन और बिक्री की जा रही थी।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे ढाबे पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्टेशन रोड, नामली निवासी लोकेश उर्फ लक्की पिता महेंद्र जाट (27 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 5 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब ₹50 हजार बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
थाना प्रभारी अमित कोली ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ड्रग्स कहां से लाता था और इस अवैध नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे गिरोह की कड़ियों को खंगाल रही है।

