पन्ना। पुलिस दर्पण
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। निजी बोर से मोटर निकालते समय 26 वर्षीय युवक करीब 15 फीट गहरे बोर में गिर गया। बेटे को बचाने के लिए 60 वर्षीय पिता भी बोर में उतर गए, लेकिन दोनों बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नारायणपुरा निवासी अटलराम पिता उजागर (26) गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अपने पिता उजागर पिता बारे लाल (60) के साथ निजी बोर से मोटर निकाल रहे थे। इसी दौरान मोटर निकालते समय अटलराम अचानक बोर में गिर गया। बेटे को बोर में गिरता देख पिता उजागर उसे बचाने के लिए तत्काल बोर में उतर गए।
कुछ देर बाद घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर दोनों को बोर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बेटे को बचाने पिता ने लगा दी जान की बाजी
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि बेटे को बोर में गिरता देखकर पिता ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए गहरे बोर में छलांग लगा दी। पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ऑक्सीजन की कमी की आशंका
प्रारंभिक तौर पर बोर के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने गहरे बोर में मोटर निकालने जैसे कार्यों के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी पर चिंता जताई है। ऐसे स्थानों पर बिना सुरक्षा उपकरण और पर्याप्त सावधानी के उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।

