बैतूल पुलिस की अनूठी पहल: स्कूलों से चौपाल तक गूंजा ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ का संदेश

हजारों विद्यार्थियों और नागरिकों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण का किया आह्वान

संवाददाता बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल, 17 जुलाई। नशा मुक्त बैतूल के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला पुलिस लगातार जनजागरूकता की नई मिसाल पेश कर रही है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के दौरान थाना शाहपुर, चौकी भौंरा, थाना आठनेर, थाना आमला, थाना भैंसदेही, थाना झल्लार, थाना साईंखेड़ा, थाना दुनावा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी को नशा मुक्त जीवन अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया।

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सातनेर, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शोभापुर कॉलोनी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिलकापुर, एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरपानी, एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईंखेड़ा तथा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हसलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में आठनेर बस स्टैंड, ग्राम चिखली खुर्द सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी आमजन को जागरूक करते हुए बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है।

पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में भागीदार बनें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपना सहयोग दें।

संदेश: “नशे को ‘ना’, सुरक्षित भविष्य को ‘हाँ’।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!