‘मेरे सपनों का भारत’ ने बच्चों की कल्पनाओं को दिए पंख, 20 हजार विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाओं का सम्मान | 616 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर करेंगे सहभागिता

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा, ज्ञान और वैचारिक चिंतन को मंच देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 616 विद्यालयों के लगभग 20 हजार विद्यार्थियों ने सहभागिता की। जिला स्तरीय आयोजन में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच देखने को मिली। कार्यक्रम में 12 विद्यार्थियों ने भाषण प्रस्तुत किए, जबकि विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 250 चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई।

बच्चों की कल्पना में दिखा विकसित भारत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञान को विस्तार देने के साथ उन्हें देश में हो रहे बदलावों पर चिंतन करने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय को अपनी कल्पनाओं और भावनाओं के माध्यम से चित्रों में खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। ऐसे आयोजन बच्चों के वैचारिक एवं रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम

मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने वैचारिक विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित होती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। वहीं चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थी अपने सपनों और कल्पनाओं को रचनात्मक रूप से सामने रखते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से देश में ही आवश्यक वस्तुओं के निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

विद्यालय से जिला स्तर तक पहुंची प्रतियोगिता

प्रतियोगिता का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया गया। सबसे पहले विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इसके बाद विकासखंड स्तर पर प्रतिभागियों का चयन किया गया और चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल हुए।
अब जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रतलाम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चित्रकला में इन प्रतिभाओं ने हासिल किए स्थान

प्रथम: नव्या नागरिया — शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ (सैलाना)
द्वितीय: खुशाल सिंह परमार — शासकीय हाईस्कूल, घटला (रतलाम)
तृतीय: हर्षिता बामनिया — शासकीय माध्यमिक विद्यालय, तालिदाना (पिपलोदा)
चतुर्थ: प्रियंका धाकड़ — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपलिया जोधा (जावरा)
पंचम: विकास झोडिया — शासकीय हाईस्कूल, केलकच्छ (बाजना)

भाषण प्रतियोगिता के विजेता

प्रथम: हर्षवर्धन सिंह झाला — संस्कार एकेडमी, भूतिया (आलोट)
द्वितीय: भव्य शर्मा — श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी, रतलाम
तृतीय: कृष्णा चौहान — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शेरपुर
चतुर्थ: कु. गारी राठौर — शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बाजना
पंचम: कु. लेखनी बरमेचा — समता इंटरनेशनल स्कूल, रतलाम
निर्णायक मंडल द्वारा भाषण प्रतियोगिता में पांच सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता के पांच विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा 18 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

बड़ी संख्या में अधिकारी और विद्यार्थी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, श्री अनुज शर्मा, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी, डीपीसी राजपूत, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अधिकारी उपस्थित रहे। मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में बच्चों की रचनाओं और विचारों ने यह संदेश दिया कि देश के भविष्य को लेकर नई पीढ़ी के सपने केवल कल्पनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शिक्षा, आत्मनिर्भरता, विकास और बेहतर भारत की अपनी तस्वीर भी सामने रख रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!