गणित-विज्ञान ओलंपियाड के 20 मेधावी विद्यार्थी गुजरात शैक्षिक भ्रमण पर रवाना

छह दिवसीय यात्रा में अहमदाबाद, साबरमती आश्रम और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का करेंगे भ्रमण

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। गणित एवं विज्ञान ओलंपियाड के तहत बैतूल जिले के चयनित 20 छात्र-छात्राओं का दल शनिवार, 26 सितंबर को छह दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के लिए गुजरात रवाना हुआ। एक्सीलेंस स्कूल ग्राउंड बैतूल से प्रशासन की मौजूदगी में विद्यार्थियों को रवाना किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू कराना है।

जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े एवं योजना अधिकारी विनोद पड़लक के अनुसार, विद्यार्थियों का दल शिक्षक-शिक्षिका के साथ गुजरात के विभिन्न शैक्षणिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेगा। दल 27 सितंबर को अहमदाबाद पहुंचेगा। यहां 28 सितंबर को एस्ट्रोनॉमी गैलरी, एक्वाटिक गैलरी, रोबोटिक गैलरी, नेचर पार्क, लाइफ साइंस पार्क, हॉल ऑफ स्पेस, साइंस एनर्जी एजुकेशन, क्लाइमेट चेंज लर्निंग लैब और रिवरफ्रंट सहित कई स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।

29 सितंबर को विद्यार्थी अदलाज स्टेपवेल, भारतीय प्रबंधन संस्थान, इसरो, साबरमती आश्रम, दांडी आश्रम और अक्षरधाम मंदिर जाएंगे। इसके बाद 30 सितंबर को केवड़िया स्थित विश्वप्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण करेंगे। यहां रात्रि में आयोजित साउंड एंड लाइट शो देखने के बाद दल वापसी के लिए रवाना होगा। विद्यार्थियों का 1 अक्टूबर को बैतूल पहुंचने का कार्यक्रम है।

जिले के सभी विकासखंडों के विद्यार्थी शामिल

इस शैक्षिक यात्रा में आमला से 2, आठनेर से 2, बैतूल से 3, भैंसदेही से 1, भीमपुर से 2, चिचोली से 2, घोड़ाडोंगरी से 2, मुलताई से 4 तथा प्रभात पट्टन और शाहपुर से 1-1 विद्यार्थी शामिल हैं। कुल 20 विद्यार्थियों का यह दल गुजरात में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और भारतीय इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!