प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश सिंह ने सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया। रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने भाषण प्रतियोगिता के प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां भी सुनीं। कक्षा 12वीं की छात्रा भूमिका भादे एवं कक्षा 11वीं के छात्र तनिष्क जैन की अभिव्यक्ति, विचारों और आत्मविश्वास की उन्होंने खुले मन से सराहना की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, नगर निगम महापौर विक्रम अहके सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं कलेक्टर हरेंद्र नारायन, एडीएम धीरेन्द्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

