युवक हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

24 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, पहले पकड़े जा चुके हैं तीन आरोपी; एक अब भी फरार

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। शहर के गंज थाना क्षेत्र में युवक देवेन्द्र उर्फ डिब्बी राजपूत (23) की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दीपक उर्फ डेबरी और शुभम उर्फ फोकनर को ग्रीनसिटी क्षेत्र से दबोचा है। इस हत्याकांड में पुलिस पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक गंभीर हत्याकांड के बाद पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि दो फरार आरोपी ग्रीनसिटी में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था देवेन्द्र

घटना 31 अगस्त 2026 की रात की है। मृतक देवेन्द्र उर्फ डिब्बी के मोबाइल पर फोन आया था। इसके बाद वह अपने दोस्तों के बुलाने पर घर से बाहर गया था। रात करीब 11:16 बजे वह घर के आंगन में असामान्य हालत में मिला। उसके कपड़े गीले थे और दोनों पैरों, हाथ, पीठ तथा आंख के पास चोट के निशान मिले थे।

परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV और तकनीकी जांच से खुला हत्या का राज

मर्ग जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और मृतक की मां के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया मारपीट से आई चोटों के कारण मौत होना सामने आया। इसके बाद गंज थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इन्हीं सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई।

दो और आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

दीपक उर्फ दीपु उर्फ डेबरी, पिता वासुदेव दावण्डे, निवासी ग्रीनसिटी, बैतूल।

शुभम उर्फ फोकनर, पिता कलीराम पवार, निवासी ग्रीनसिटी, गंज बैतूल।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अजय पिता जगन्नाथ डहेरिया, निवासी ग्रीनसिटी, बैतूल अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, उप निरीक्षक उत्तमनंदन मस्तकार, उप निरीक्षक संदीप परतेती, सहायक उप निरीक्षक किशोरीलाल सल्लाम सहित गंज थाना पुलिस और साइबर सेल के राजेन्द्र, आरक्षक दीपेन्द्र एवं आरक्षक पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!