राजस्व-पुलिस की संयुक्त समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, त्योहारों की तैयारियों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम पर दिए सख्त निर्देश
राजगढ़ | पुलिस दर्पण
राजगढ़ । भोपाल संभाग के संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) देहात भोपाल संभाग श्रीमती रूचि वर्धन सिंह की अध्यक्षता में राजगढ़ में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा विभागीय समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, नशाग्रस्त व्यक्तियों के पुनर्वास, सीसीटीवी स्थापना, शस्त्र लाइसेंस, बाउंड ओवर कार्रवाई, प्रतिबंधात्मक उपायों एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे नवाचारों और कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने जिला प्रशासन एवं पुलिस के बीच उत्कृष्ट समन्वय और टीम भावना की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि राजगढ़ में किए जा रहे नवाचार अनुकरणीय हैं। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस का यही समन्वय आमजन के विश्वास को मजबूत करता है।
त्योहारों को लेकर सतर्क रहने के निर्देश
संभागायुक्त ने आगामी एक माह में विभिन्न त्योहारों को देखते हुए बाउंड ओवर एवं अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी रखने और राजस्व एवं पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“राजस्व अधिकारियों की कार्यशैली आमजन को दिखाई दे”
राजस्व समीक्षा बैठक में संभागायुक्त श्री शर्मा ने अधिकारियों को सुशासन की भावना के अनुरूप कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि आमजन को राजस्व अधिकारियों की सक्रिय, पारदर्शी और संवेदनशील कार्यशैली का अनुभव होना चाहिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी राजस्व प्रकरणों का एक से दो दिन के भीतर पंजीयन अनिवार्य रूप से किया जाए तथा ब्लॉक एवं तहसीलवार नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए। अधिकारियों को प्रभावी मॉनिटरिंग, सतत फॉलोअप और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, सभी अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह दांगी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल प्रकरणों का निपटारा करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। बेहतर समन्वय, त्वरित कार्रवाई और जनहित सर्वोपरि रखने से ही सुशासन का लक्ष्य साकार होगा।

