दस्तक अभियान की शुरुआत के साथ कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा का बड़ा एक्शन, स्वास्थ्य कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज

राजगढ़ | पुलिस दर्पण

राजगढ़ जिले के जीरापुर विकासखंड के ग्राम धतुरिया से मंगलवार को दस्तक अभियान का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई। अभियान के शुभारंभ के साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया और लापरवाही मिलने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एएनसी पंजीयन, लक्ष्य दंपत्ति पंजीयन, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के रिकॉर्ड, विवाह पंजीयन, दस्तक अभियान की ड्यू-लिस्ट तथा जिंक और ओआरएस की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानी तथा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

रामगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों के निरीक्षण में एएनसी पंजीयन की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर कलेक्टर ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। एएनएम श्रीमती हेमलता वर्मा एवं श्रीमती कृष्णा कुम्भकार की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने, आशा सुपरवाइजर श्रीमती सीमा दांगी की प्रोत्साहन राशि रोकने तथा आंगनवाड़ी पर्यवेक्षक श्रीमती दिलेश्वरी के निलंबन के निर्देश जारी किए गए।

इसके अलावा सीडीपीओ श्रीमती ममता वर्मा को तीन दिन के भीतर एएनसी सर्वे पूर्ण कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

वेतन कटौती और सेवा समाप्ति के निर्देश

कलेक्टर ने अनुपस्थित आउटसोर्स कर्मचारी श्री महेंद्र गुर्जर की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र खेजड़िया के सीएचओ श्री हरीश लोधा, खारपा के सीएचओ श्री रोशन सिंह गुर्जर, ग्राम धतुरिया की एएनएम श्रीमती संगीता मालवीय तथा सीएचओ श्रीमती मनीष मालवीय का तीन-तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।

“स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को दस्तक अभियान के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शेख जलालुद्दीन, डीसीएम सुनील वर्मा, बीपीएम सुरेश पटेल एवं बीसीएम सुनील नामदेव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!