मंगलवार को भैंसवामाता में होगा जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 का राज्य स्तरीय समापन समारोह
राजगढ़ / पुलिस दर्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 30 जून को जिले के विकासखंड सारंगपुर अंतर्गत भैंसवामाता जी मंदिर में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के राज्य स्तरीय समापन समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे जिले को 352 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल तथा सांसद श्री रोडमल नागर भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव भैंसवामाता में दर्शन – पूजन करेंगे। इसके उपरांत दूध तलैया में गंगा पूजन, गौ-पूजन एवं पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। समारोह के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री पटेल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल एवं सांसद श्री नागर अपने विचार व्यक्त करेंगे। इस अवसर पर राजगढ़ जिले की पर्यटन फिल्म, कॉफी टेबल बुक एवं सोशल मीडिया हैंडल का अनावरण किया जाएगा। साथ ही जिले में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज का वितरण भी करेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण प्रेमी समूहों को सम्मानित किया जाएगा।।

