विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग को एक और बड़ी सफलता

इंदौर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: पीथमपुर मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ी अवैध शराब से भरी डिज़ायर कार, ₹4.39 लाख का माल ज़ब्त।

बड़ी कामयाबी: मुखबिर की सटीक सूचना पर आबकारी टीम ने दी दबिश, फिल्मी स्टाइल में गाड़ी छोड़कर भागा तस्कर।

इंदौर। पुलिस दर्पण
अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इंदौर आबकारी विभाग को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने महू-पीथमपुर मार्ग पर एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिज़ायर कार को रोकने की कोशिश की, जिसे देखकर आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से भारी मात्रा में अवैध देसी शराब बरामद हुई है। ज़ब्त की गई मदिरा और चार पहिया वाहन का कुल अनुमानित बाजार मूल्य 4 लाख 39 हजार रुपये आंका गया है।
कलेक्टर और आबकारी कमिश्नर के निर्देश पर एक्शन में टीम
यह पूरी कार्रवाई इंदौर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के सख्त निर्देशानुसार अंजाम दी गई। कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी एवं डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में वृत्त महू-ब के प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पवन टीकेकर और उनकी टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी यह बड़ी कामयाबी हाथ लगी।
फिल्मी अंदाज में भागा ड्राइवर, कार की डिक्की से निकले शराब के कार्टून
जानकारी के अनुसार, आबकारी टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि भैंसलाय-पीथमपुर मार्ग से अवैध शराब की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना पर सक्रिय हुई टीम ने ग्राम भैंसलाय के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन क्रमांक MP 09-CJ-9152 (सफेद मारुति सुजुकी डिज़ायर) आती हुई दिखाई दी।
आबकारी टीम ने जब कार को रोकने का प्रयास किया, तो तस्कर घबरा गया। पुलिस और आबकारी अमले को सामने देख ड्राइवर चलती गाड़ी को रोककर, अंधेरे और रास्तों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद जब टीम ने लावारिस हालत में छूटी कार की सघन तलाशी ली, तो दंग रह गए।
180 बल्क लीटर देसी प्लेन मदिरा ज़ब्त
कार के अंदर और डिक्की में गत्ते के कुल 12 बड़े कार्टून्स ठंसकर भरे हुए थे। प्रत्येक कार्टून को खोलने पर उसमें से 50-50 नग देसी प्लेन शराब के क्वाटर मिले। इस प्रकार कार के जरिए कुल 180 बल्क लीटर अवैध देसी शराब का परिवहन किया जा रहा था।
आबकारी अधिनियम में केस दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
आबकारी टीम ने अवैध मदिरा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही डिज़ायर कार को विधिवत अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रशासन अब गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार ड्राइवर का सुराग लगाने में जुट गया है। आबकारी विभाग के अफसरों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *