नगर परिषद के सहयोग से दाह संस्कार स्थल के समीप हुआ पौधारोपण, कोरोना काल के बाद से लगातार सेवा कार्यों में जुटी है समिति
नामली। रतलाम- पुलिस दर्पण
नामली, रतलाम। नगर के शांतिवन मुक्तिधाम को हराभरा एवं सुंदर बनाने की दिशा में श्री निःस्वार्थ सेवा समिति द्वारा नगर परिषद के सहयोग से विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। दाह संस्कार स्थल के समीप स्थित हिस्से में विभिन्न प्रजातियों के फूलदार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान करीब 50 किस्म के पौधे लगाए गए।
पौधारोपण के दौरान उपस्थित सदस्यों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया। समिति का उद्देश्य मुक्तिधाम परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा और शांत वातावरण वाला स्थान बनाना है, ताकि यहां आने वाले लोगों को सकारात्मक एवं प्राकृतिक वातावरण मिल सके। इस अवसर पर पंडित गिरीश शर्मा, कैलाश चौधरी, महेश पोरोणिक,अमित पोरोणिक, श्री निःस्वार्थ सेवा समिति के संस्थापक दिलीप कर्णधार, मुक्तिधाम कर्मचारी रामसिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कोरोना काल के बाद से जारी है निःस्वार्थ सेवा
श्री निःस्वार्थ सेवा समिति द्वारा कोरोना काल के बाद से ही लगातार निःस्वार्थ भाव से विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। समिति के सदस्यों द्वारा समय-समय पर शांतिवन मुक्तिधाम में स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभियान चलाए जाते हैं। इसी क्रम में मुक्तिधाम परिसर में लगातार पौधारोपण कर उन्हें संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति के संस्थापक दिलीप कर्णधार ने बताया कि पौधारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी समिति की प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी शांतिवन मुक्तिधाम सहित अन्य स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। निःस्वार्थ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के इस प्रयास से शांतिवन मुक्तिधाम में आने वाले समय में हरियाली और फूलों की सुंदरता देखने को मिलेगी।

